मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में आज कैट की 55 जिला इकाइयों का शपथ ग्रहण समारोह
भोपाल के मिंटो हॉल में शाम 6 बजे होगा आयोजन, सांसद प्रवीण खंडेलवाल सहित कई प्रमुख अतिथि होंगे शामिल

भोपाल। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) मध्यप्रदेश की सभी 55 जिला इकाइयों का शपथ ग्रहण समारोह 18 नवंबर को राजधानी के मिंटो हॉल में आयोजित किया जाएगा। शाम 6 बजे होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर प्रदेशभर की कैट टीमों को शपथ दिलाएंगे। समारोह में चांदनी चौक, दिल्ली के सांसद एवं कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल तथा भाजपा के मुख्य मीडिया सलाहकार आशीष सुशांत अग्रवाल विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में सभी जिलों के अध्यक्ष, महामंत्री, पदाधिकारी और वरिष्ठ व्यापारी प्रतिनिधि शामिल होंगे।
कैट मध्यप्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र जैन ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य प्रदेश के व्यापारी समाज को एक मंच पर संगठित कर व्यापार, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में सामूहिक प्रयासों को गति देना है। समारोह में ‘समृद्ध व्यापारी से समृद्ध मध्यप्रदेश की ओर’ संकल्प को आगे बढ़ाया जाएगा।कार्यक्रम संयोजक राजीव बड़ेरिया ने बताया कि आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री और अतिथियों का व्यापारी समाज द्वारा स्वागत किया जाएगा। शपथ ग्रहण के बाद कैट प्रदेशभर में व्यापारी हितों और व्यापारिक गतिविधियों को मजबूत करने के लिए संगठित रूप से कार्य करेगा।







