कटनी
स्लीमनाबाद के पास तेवरी बायपास पर भीषण सड़क हादसा, तूफान सवारी और टीव्हीएस के बीच भिड़ंत में बुजुर्ग दंपति की मौके पर दर्दनाक मौत

कटनी, यशभारत। कटनी जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत तेवरी बायपास पर आज मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में बुजुर्ग दंपति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। कॉकटेल ढाबा के सामने टीवीएस एक्सएल और तूफान सवारी वाहन के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोपहिया वाहन सवार बुजुर्ग दंपति ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सड़क हादसे की सूचना मिलते ही स्लीमनाबाद पुलिस तत्काल राष्ट्रीय राजमार्ग-1033 पर घटनास्थल पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मृतक बुजुर्ग दंपति की पहचान और वे कहां के निवासी थे, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। तेवरी बायपास पर हुए इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है।







