चारखंबा हत्याकांड: छह आरोपियों की पहचान, पुलिस की दबिश जारी

जबलपुर, यशभारत।cक्षेत्र के चारखंबा में 17 वर्षीय किशोर नौशाद की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों की पहचान कर ली है। आरोपियों के नाम रेहान, फैजान, आमीन, जैनुल, अक्कू अली और मेहराज बताए गए हैं। वारदात के बाद से सभी आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर की रात चारखंबा बारात घर के पास नौशाद अपने दोस्तों के साथ खड़ा होकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान स्पेलेंडर मोटरसाइकिल से रेहान, फैजान और मेहराज वहां पहुंचे। तीनों के पास चाकू थे। इसके कुछ देर बाद आमीन, जैनुल और अक्कू भी मौके पर पहुंच गए। आरोपियों ने नौशाद पर चाकुओं से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए नौशाद भागा, लेकिन हमलावरों ने उसे पकड़कर घसीटते हुए बारात घर के नीचे स्थित शानू के कबाड़खाने के सामने ले गए।.वहां सभी ने उसे घेरकर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए। इसी दौरान जैनुल ने एक चीप उठाकर नौशाद के सिर पर पटक दी। हमले में गंभीर रूप से घायल होकर नौशाद बेहोश हो गया।
दो महीने पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करीब दो महीने पहले नौशाद के भाई ने रेहान और जैनुल के साथ मारपीट की थी। इसी घटना के बाद से दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी। पुलिस इसी रंजिश को हत्या की वजह मानकर जांच कर रही है। पुलिस ने छह आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 191(2) और 191(3) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।







