पहचान छिपाकर महिला से बढ़ाई नजदीकियां, धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप, मामला दर्ज

जबलपुर,यश भारत। गोहलपुर थाना क्षेत्र में पहचान और धर्म छिपाकर एक महिला से नजदीकियां बढ़ाने और बाद में उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने जहांगीर उस्मानी के खिलाफ मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम सहित भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र की रहने वाली महिला हिंदू धर्मसेना के कार्यकर्ताओं के साथ गोहलपुर थाने पहुंची थी। यहां उसने शिकायत में बताया कि कुछ समय पहले उसकी मुलाकात जहांगीर उस्मानी से हुई थी। महिला का आरोप है कि युवक ने शुरुआत में अपनी वास्तविक पहचान छिपाई और खुद को हिंदू बताकर उससे दोस्ती की। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। महिला ने आरोप लगाया कि युवक ने इसी दौरान उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में उसे युवक की वास्तविक पहचान और धर्म के बारे में जानकारी हुई। इसके बाद युवक उस पर हिंदू धर्म छोड़कर इस्लाम अपनाने के लिए दबाव बनाने लगा। उसकी बात मानने से इनकार करने पर उसे परेशान किया जाने लगा। इन परिस्थितियों से परेशान होकर उसने हिंदू धर्मसेना के कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस से शिकायत की।
गोहलपुर थाना प्रभारी रितेश पांडे के मुताबिक, महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। उसके बयान लिए जा रहे हैं और युवक द्वारा कथित रूप से पहचान छिपाने सहित अन्य आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







