55 जिलों की मिट्टी से बनेगा समृद्धि का महाकलश, कैट निकालेगा कलश यात्रा, भोपाल में मुख्यमंत्री को सौंपा जाएगा महाकलश
व्यापारियों की एकजुटता और समृद्ध मध्यप्रदेश का संदेश लेकर निकलेगी यात्रा,

जबलपुर, यशभारत। प्रदेश के व्यापारियों को एकजुट करने और व्यापारिक समृद्धि के माध्यम से मध्यप्रदेश के आर्थिक विकास का संकल्प लेकर कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) प्रदेश के सभी 55 जिलों में अनूठी समृद्धि कलश यात्रा आयोजित करने जा रहा है। ‘समृद्ध व्यापारी से समृद्ध मध्यप्रदेश’ की भावना के साथ होने वाले इस आयोजन में प्रदेश के प्रत्येक जिले के बाजार की मिट्टी एकत्रित कर विशेष कलश में स्थापित की जाएगी। 18 नवंबर को भोपाल के मिंटो हॉल में आयोजित भव्य समारोह में सभी जिलों के कलशों को मिलाकर महाकलश मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भेंट किया जाएगा।
कैट मध्यप्रदेश के अध्यक्ष भूपेन्द्र जैन ने पत्रकारवार्ता में बताया कि इस अभियान के तहत 16 नवंबर को सुबह 11 बजे प्रदेश के सभी 55 जिलों में एक साथ कलश स्थापना होगी। प्रत्येक जिले के बाजार अथवा मंडी में आयोजित कार्यक्रम में व्यापारी अपने बाजार की एक-एक मुट्ठी मिट्टी कलश में डालेंगे। इन कलशों को लाल कपड़े, आम के पत्तों और नारियल से सजाया जाएगा। प्रत्येक जिले की मिट्टी वहां के व्यापारियों की मेहनत, ईमानदारी और समर्पण का प्रतीक होगी।
18 नवंबर को भोपाल में होगा भव्य समापन
कलश स्थापना के बाद 18 नवंबर को सभी जिलों के अध्यक्ष अपने-अपने कलश लेकर भोपाल पहुंचेंगे। मिंटो हॉल में आयोजित समारोह में 55 जिलों के कलश प्रदर्शित किए जाएंगे। प्रदेश के दस संभागों के प्रतिनिधि जिला अध्यक्षों के माध्यम से महाकलश मुख्यमंत्री को भेंट किया जाएगा। सभी जिलों से एकत्रित मिट्टी को मध्यप्रदेश व्यापार कल्याण बोर्ड कार्यालय में स्थापित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री की मौजूदगी में पदाधिकारी लेंगे शपथ
समारोह में मुख्यमंत्री की उपस्थिति में कैट की प्रदेश एवं जिला स्तरीय टीम का शपथ ग्रहण भी होगा। पदाधिकारी व्यापारियों के हितों की रक्षा, व्यापारिक एकता मजबूत करने, समस्याओं के समाधान और प्रदेश के आर्थिक विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लेंगे।
व्यापार कल्याण बोर्ड के गठन पर मुख्यमंत्री का अभिनंदन
कैट अध्यक्ष भूपेन्द्र जैन ने कहा कि मध्यप्रदेश व्यापार कल्याण बोर्ड का गठन व्यापारियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों और अपेक्षाओं को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके गठन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ कैट की टीम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके लिए समारोह में मुख्यमंत्री का नागरिक अभिनंदन कर प्रदेश के व्यापारियों की ओर से आभार व्यक्त किया जाएगा।
कार्यक्रम प्रभारी राजीव बड़ेरिया और कलश यात्रा के प्रभारी संयुक्त अध्यक्ष गोविंद दास असाटी ने बताया कि यह आयोजन प्रदेश के व्यापारियों की एकजुटता और संगठनात्मक मजबूती का प्रतीक बनेगा।







