16 नवंबर से बदलेगी भोपाल मेट्रो की समय-सारणीसोमवार से शनिवार तक नई व्यवस्था, रविवार और अवकाश के दिन पुराना शेड्यूल रहेगा लागू

16 नवंबर से बदलेगी भोपाल मेट्रो की समय-सारणी
सोमवार से शनिवार तक नई व्यवस्था, रविवार और अवकाश के दिन पुराना शेड्यूल रहेगा लागू
भोपाल,यश भारत। भोपाल मेट्रो रेल के सुभाष नगर से एम्स स्टेशन के बीच संचालित मेट्रो सेवाओं की समय-सारणी में आंशिक बदलाव किया गया है। नई व्यवस्था 16 नवंबर 2026 से लागू होगी। यह बदलाव सोमवार से शनिवार तक प्रभावी रहेगा जबकि रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में मेट्रो का संचालन पूर्व निर्धारित समय-सारणी के अनुसार ही होगा।
नई समय-सारणी के मुताबिक सामान्य दिनों में मेट्रो सेवा दोपहर 12 बजे से शाम 7:30 बजे तक उपलब्ध रहेगी। सुभाष नगर स्टेशन से पहली ट्रेन दोपहर 12 बजे और अंतिम ट्रेन शाम 7 बजे रवाना होगी। वहीं, एम्स स्टेशन से पहली ट्रेन दोपहर 12:40 बजे और अंतिम ट्रेन शाम 7:30 बजे चलेगी। इस दौरान पीक समय में 20 मिनट और ऑफ-पीक समय में 40 मिनट के अंतराल पर ट्रेनें मिलेंगी। रविवार एवं सार्वजनिक अवकाश के दिनों में मेट्रो का संचालन सुबह 11:30 बजे से रात 8:30 बजे तक होगा। इस दौरान दोपहर 1 बजे तक प्रत्येक 30 मिनट और इसके बाद रात 8:30 बजे तक प्रत्येक 15 मिनट में ट्रेन उपलब्ध रहेगी। यात्रियों की सुविधा और मेट्रो के परिचालन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह आंशिक संशोधन किया गया है। यात्रियों को यात्रा से पहले नई समय-सारणी का ध्यान रखने की सलाह दी गई है।







