भोपाल में नकुलनाथ के समर्थन में लगे सीएम के नारे, क्या अंदरखाने शुरू हो गई है नई तैयारी?

भोपाल में नकुलनाथ के समर्थन में लगे सीएम के नारे, क्या अंदरखाने शुरू हो गई है नई तैयारी?
भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश की सियासत में एक बार फिर कांग्रेस के भीतर सुगबुगाहट और गुटबाजी की सुई घूमती नजर आ रही है। भोपाल एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेता नकुलनाथ के स्वागत के दौरान कार्यकर्ताओं द्वारा लगाए गए नारों ने सूबे के राजनीतिक गलियारों में नए चर्चाओं को हवा दे दी है। एयरपोर्ट पर उमड़ी भीड़ और हमारा सीएम कैसा हो, नकुलनाथ जैसा हो के गूंजे नारों ने भले ही इसे समर्थकों का जोश करार दिया हो, लेकिन राजनीतिक विश्लेषक इसे आगामी रणनीतिक शक्ति प्रदर्शन के रूप में देख रहे हैं।
छिंदवाड़ा की राजनीतिक जमीन से बाहर निकलकर राजधानी भोपाल में इस तरह के नारों का गूंजना पार्टी के भीतर नेतृत्व को लेकर चल रही अंतर्कलह और महत्वकांक्षाओं को फिर से सतह पर ले आया है। हालांकि, पार्टी संगठन या खुद नेतृत्व की तरफ से ऐसा कोई आधिकारिक संकेत या घोषणा नहीं की गई है, जो नकुलनाथ को मुख्यमंत्री पद के चेहरे के तौर पर प्रोजेक्ट करती हो। इसके बावजूद, इस तरह के घटनाक्रम अक्सर पार्टी के भीतर नए समीकरण साधने और अपने सियासी रसूख को हाईलाइट करने की पुरानी शैली का हिस्सा माने जाते हैं।
निसंदेह, इस एक घटना ने प्रदेश कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति को गरमा दिया है और आने वाले दिनों में यह विरोधी दलों के साथ-साथ पार्टी के भीतर भी चर्चा का एक बड़ा केंद्र बन सकता है।







