दीपावली मनाने भिंड गए बिल्डर के घर चोरों ने बोला धावा, 5 ताले तोड़कर 33.45 लाख का माल साफ

दीपावली मनाने भिंड गए बिल्डर के घर चोरों ने बोला धावा, 5 ताले तोड़कर 33.45 लाख का माल साफ
भोपाल, यशभारत। राजधानी के वीवीआईपी और पॉश माने जाने वाले कोहेफिजा थाना क्षेत्र में चोरों ने दुस्साहस की हदें पार करते हुए एक बिल्डर के सूने मकान को निशाना बनाया। चोर मुख्य दरवाजे से लेकर अंदर के कमरों और अलमारियों तक के कुल 5 ताले तोड़कर करीब 33 लाख 45 हजार रुपए के सोने-चांदी के पुश्तैनी जेवरात और नकदी समेट ले गए। वारदात के वक्त परिवार दीपावली मनाने अपने पैतृक गांव गया हुआ था। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तीन नकाबपोश बदमाश कॉलोनी में घूमते नजर आ रहे हैं।
कोहेफिजा पुलिस के मुताबिक, एयरपोर्ट रोड स्थित इंद्र विहार कॉलोनी के ब्लॉक-12 में रहने वाले 42 वर्षीय अरविंद सिंह गुर्जर बिल्डर और ठेकेदारी का काम करते हैं। आगामी दीपावली का पर्व मनाने के लिए वे 7 नवंबर की रात करीब डेढ़ बजे अपने पूरे परिवार के साथ पैतृक गांव गोहद खर्रौआ (जिला भिंड) रवाना हुए थे। घर से निकलने से पहले उन्होंने मुख्य गेट, कमरों और अंदर रखी अलमारियों में मजबूत ताले लगाए थे।
परिजन जब शुक्रवार देर रात वापस भोपाल लौटे, तो मुख्य गेट का ताला टूटा देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो कमरों के दरवाजे और अलमारियां खुली पड़ी थीं, और सारा सामान अस्त-व्यस्त फैला हुआ था। चोर अलमारी में रखे करीब 29 लाख रुपए कीमत के सोने के पुश्तैनी जेवरात, पौने दो किलो चांदी कीमत करीब 3.40 लाख रुपए और 1 लाख 5 हजार रुपए नकद चुरा ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही कोहेफिजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने जब कॉलोनी और आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले, तो उसमें तीन नकाबपोश बदमाश संदिग्ध अवस्था में घूमते और घर में दाखिल होते हुए दिखाई दिए। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों के हुलिए और उनके आने-जाने के रास्तों की शिनाख्त करने में जुटी है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी गई है।







