अब नहीं घूमेगा स्टेयरिंग: सड़क किनारे चूल्हा जलाकर बैठ गए चालक, आर-पार की लड़ाई का ऐलान

रीवा । हिट एंड रन कानून के विरोध समेत विभिन्न मांगों को लेकर ट्रक चालकों ने स्टेयरिंग छोड़ो आंदोलन शुरू कर दिया है। रीवा-सतना मार्ग पर मानगवां से अमरपाटन तक करीब 40 से 50 किलोमीटर के दायरे में ट्रक खड़े हैं। चालकों ने अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू कर दिया है।
हिट एंड रन कानून वापस लेने की मांग
आंदोलन कर रहे ट्रक चालकों की मांग है कि हिट एंड रन कानून वापस लिया जाए। इसके अलावा चालकों को नियुक्ति प्रमाण पत्र देने, वेलफेयर बोर्ड का गठन करने और राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी की जा रही है।
चालकों का कहना है कि कमर्शियल वाहन चलाने वालों के लिए हाईवे पर जगह-जगह रेस्ट रूम, शौचालय और आराम करने की उचित व्यवस्था होनी चाहिए। उनका आरोप है कि लंबी दूरी की यात्रा के दौरान चालकों को बुनियादी सुविधाओं की परेशानी होती है।
आंदोलनकारियों के मुताबिक, एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं के वाहनों के लिए रास्ता खुला रखा गया है। कई चालक सड़क किनारे ही खाना बनाकर आंदोलन में शामिल हैं। उनका कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर फैसला नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।







