Top-5जबलपुरदेशमध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विज्ञान भवन में प्रदान किया राष्ट्रीय सम्मान

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विज्ञान भवन में प्रदान किया राष्ट्रीय सम्मान

स्वच्छता में जबलपुर ने रचा इतिहास, देश में हासिल किया दूसरा स्थान

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विज्ञान भवन में प्रदान किया राष्ट्रीय सम्मान

 जबलपुर, यशभारत। स्वच्छता के क्षेत्र में संस्कारधानी जबलपुर ने राष्ट्रीय स्तर पर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छता सर्वेक्षण में देश के दूसरे सबसे स्वच्छ शहर का खिताब हासिल कर जबलपुर ने अपनी अलग पहचान बनाई है। दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जबलपुर को द्वितीय स्थान का राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया। यह सम्मान महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, तत्कालीन निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार और वर्तमान निगमायुक्त अग्रिम कुमार ने ग्रहण किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस उपलब्धि पर महापौर और दोनों निगमायुक्तों सहित नगर निगम की पूरी टीम को बधाई दी है।

जबलपुर की यह सफलता एक दिन की मेहनत का परिणाम नहीं, बल्कि लगातार किए गए प्रयासों और बेहतर सफाई व्यवस्था का नतीजा है। कभी स्वच्छता सर्वेक्षण में 22वें स्थान पर रहने वाला शहर पहले 13वें, फिर पांचवें और अब दूसरे स्थान तक पहुंच गया है। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने पदभार संभालने के समय जबलपुर को देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाने का संकल्प लिया था। इस लक्ष्य को लेकर नगर निगम ने सफाई व्यवस्था से लेकर कचरा प्रबंधन तक कई स्तरों पर बदलाव किए।

वेस्ट टू एनर्जी प्लांट से कचरे का वैज्ञानिक निष्पादन

शहर की स्वच्छता में वेस्ट टू एनर्जी प्लांट की महत्वपूर्ण भूमिका रही। नवंबर-दिसंबर 2025 में प्लांट का संचालन शुरू किया गया। इसके बाद जनवरी से मार्च 2026 के बीच करीब 3.5 लाख टन कचरे की प्रोसेसिंग की गई। वहीं, पुराने कचरे के ढेरों को हटाकर लगभग 17 एकड़ जमीन को कचरा मुक्त कराया गया। इससे कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण काम हुआ।

1794401330 WhatsApp Image 2026 11 11 at 18.08.20

थ्री-आर सेंटरों ने दिखाई पुनः उपयोग की राह

नगर निगम ने कचरे को कम करने और उपयोगी वस्तुओं का दोबारा इस्तेमाल सुनिश्चित करने के लिए थ्री-आर सेंटर विकसित किए। यहां बुक बैंक, खिलौना बैंक और कपड़ा बैंक जैसी व्यवस्थाएं शुरू की गईं। इनके माध्यम से अनुपयोगी वस्तुओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने की पहल की गई। इसके अलावा सड़कों, डिवाइडरों और नालियों की सफाई एवं व्यवस्था सुधारने पर भी विशेष ध्यान दिया गया।

रात में भी चलती रही सफाई, सुबह छह बजे से निरीक्षण

शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नाइट स्वीपिंग को प्रभावी किया गया। प्रमुख मार्गों और व्यस्त इलाकों में रात के समय सफाई कराई गई। वहीं, निगमायुक्त सुबह छह बजे से ही मैदानी निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था की निगरानी करते रहे। अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने के साथ नियमित मॉनिटरिंग की गई। सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ स्पॉट फाइन और प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई की गई।

महापौर बोले- अब देश में नंबर वन बनाना लक्ष्य

इस उपलब्धि पर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि 22वें स्थान से दूसरे पायदान तक पहुंचना पूरे शहर की सामूहिक मेहनत का परिणाम है। इसमें शहरवासियों, सफाई मित्रों, जनप्रतिनिधियों और नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार केवल नगर निगम का सम्मान नहीं, बल्कि पूरे संस्कारधानी परिवार का गौरव है। इस उपलब्धि को शहर के प्रत्येक नागरिक को समर्पित करते हुए उन्होंने कहा कि अब जबलपुर को देश का नंबर वन स्वच्छ शहर बनाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। समारोह में निगमाध्यक्ष रिंकू विज, अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, उपायुक्त संभव अयाची सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। नगर निगम की इस उपलब्धि ने जबलपुर को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button