शास्त्री नगर में युवक की संदिग्ध मौत, गोली लगने से गई जान; एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
परिजनों से विवाद के बाद हुई घटना, तिलवारा पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

जबलपुर, यश भारत। शहर के तिलवारा थाना क्षेत्र स्थित शास्त्री नगर में मंगलवार को एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 34 वर्षीय प्रयाग नायर के रूप में हुई है। सीएसपी आशीष जैन ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि घटना से पहले युवक का परिजनों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद युवक द्वारा खुद को गोली मारने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।मामले की जांच के लिए एफएसएल और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। फिलहाल घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।







