मध्य प्रदेशराज्य

दीवार विवाद बना खूनी संघर्ष : भतीजे ने हथौड़ी मारकर की चाचा की हत्या

 

गोटेगांव। थाना क्षेत्र के ग्राम देगुवा झांसीघाट में एक घर की दीवार ने रिश्तों का ही खून कर दिया। मकान निर्माण के दौरान चाचा-भतीजे में हुए विवाद में भतीजे ने हथौड़ी मारकर चाचा की हत्या कर दी। घटना की चर्चा पूरे क्षेत्र में तेजी से फैल गई।

जानकारी के अनुसार मृतक फूल सिंह मेहरा (62) अपने घर में मकान निर्माण का कार्य करा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने अपने भतीजे सोनू मेहरा से दीवार नहीं उठाने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।

आरोप है कि गुस्से में आकर सोनू ने अपने चाचा फूल सिंह के सिर पर हथौड़ी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल फूल सिंह को आरोपी पक्ष के सदस्य ही गोटेगांव के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों को बताया गया कि फूल सिंह छत से गिर गए हैं।

हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल जबलपुर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान फूल सिंह की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के दौरान गोटेगांव पुलिस को देगुवा में हत्या की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पूछताछ में सामने आया कि फूल सिंह को उनके ही भतीजे सोनू झारिया ने विवाद के दौरान हथौड़ी मारकर घायल किया था।

पुलिस जांच में सच्चाई सामने आने के बाद आरोपी को कुछ ही घंटों में हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में तथ्य सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी सोनू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया। मामले की आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button