भोपालमध्यप्रदेश

भोपाल: 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या और लूट के मामले में संदिग्ध मां-बेटा हिरासत में

भोपाल: 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या और लूट के मामले में संदिग्ध मां-बेटा हिरासत में

CCTV फुटेज से मिली अहम क्लू: वाजपेयी नगर मल्टी के A-1 ब्लॉक से पुलिस ने पकड़ा, पूछताछ जारी

भोपाल यशभारत। राजधानी के शाहजहानाबाद थाना क्षेत्र स्थित वाजपेयी नगर मल्टी में 75 वर्षीय कलरी देवी की सनसनीखेज हत्या और सोने का दांत तक उखाड़ ले जाने वाली नृशंस लूट की वारदात में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले की पड़ताल करते हुए मल्टी के A-1 ब्लॉक में रहने वाली एक संदिग्ध महिला और उसके बेटे को हिरासत में ले लिया है। दोनों से पुलिस थाने में कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।

कैमरे में दिखी संदिग्ध गतिविधियां

वारदात के बाद पुलिस की फॉरेंसिक टीम और जांच अधिकारियों ने वाजपेयी नगर मल्टी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले थे। जांच के दौरान A-1 ब्लॉक की निवासी महिला की संदिग्ध हलचल कैमरे में कैद पाई गई। फुटेज के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध महिला और उसके बेटे को राउंडअप किया। शुरुआती पूछताछ में कई अहम सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं, जिसके आधार पर लूट का सामान बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।

रेकी कर अंजाम दी गई वारदात

पुलिस कमिश्नर द्वारा गठित SIT और शाहजहानाबाद एसीपी की निगरानी में चल रही जांच में अंदेशा जताया जा रहा है कि आरोपियों ने वृद्धा के अकेले होने की पूरी रेकी की थी। चूंकि मृतका के शरीर से सोने के कड़े, हार, पायल, बिछिया के साथ-साथ सोने का दांत तक निकाला गया था, इससे साफ था कि आरोपी घर की हर बात से वाकिफ थे।

जल्द हो सकता है अधिकारिक खुलासा

सड़क पर शव रखकर हुए चक्काजाम और जनता के भारी आक्रोश के बीच पुलिस प्रशासन पर आरोपियों को जल्द पकड़ने का भारी दबाव था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हिरासत में लिए गए मां-बेटे से पूछताछ में महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं और जल्द ही पूरी वारदात का पर्दाफाश कर लूट का माल बरामद कर लिया जाएगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button