तेल का बिल मांगने पर फायरिंग: बांदा शूटआउट का फरार आरोपी सतना से गिरफ्तार

सतना। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में पेट्रोल पंप के सेल्समैन पर गोली चलाने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को सतना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी शहर के राजेंद्र नगर स्थित गली नंबर 10 में किराए का कमरा लेकर रह रहा था। बुधवार रात सिटी कोतवाली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर बांदा पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंज सिंह (21), पिता महेंद्र सिंह, निवासी कुआं गांव, थाना कोलगवां, जिला सतना के रूप में हुई है। उसके खिलाफ बांदा के सिटी कोतवाली थाने में हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज बताया गया है।
पेट्रोल के पैसे मांगने पर किया था हमला
मामला 3-4 जुलाई 2025 की दरमियानी रात का है। बांदा के नरैनी रोड स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर रात करीब 12 बजे बाइक सवार तीन नकाबपोश पहुंचे थे। उन्होंने बाइक में पेट्रोल भरवाया। जब पंप के सेल्समैन आशाराम ने उनसे भुगतान मांगा तो आरोपियों ने विवाद करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली आशाराम के सिर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए कानपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
सूचना पर सतना पुलिस ने दी दबिश
घटना के बाद से ही बांदा पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान अंज सिंह की सतना में मौजूदगी की सूचना मिलने पर बांदा पुलिस ने स्थानीय सिटी कोतवाली पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद सतना पुलिस ने राजेंद्र नगर की गली नंबर 10 में दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद बुधवार रात बांदा पुलिस की टीम उसे अपने साथ उत्तर प्रदेश ले गई।







