आंगनबाड़ी में फर्श के अंदर जा छिपा था सर्प : स्नेक कैचर ने किया रेस्क्यू; बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया…. देखें पूरा वीडियो

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के बम्होडी गांव स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गई, जब केंद्र के कमरे के अंदर एक लंबा सांप घूमता हुआ दिखाई दिया। सांप को देखते ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सतर्क हो गईं और उन्होंने बिना देर किए केंद्र में मौजूद छोटे-छोटे बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। अचानक सांप दिखाई देने से केंद्र में हड़कंप की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, आंगनवाड़ी केंद्र के कमरे में धामन प्रजाति का सांप पहुंच गया था। इसकी जानकारी मिलते ही स्नेक कैचर प्रवीण तिवारी को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे प्रवीण तिवारी ने सांप को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह कमरे के फर्श के अंदर बने हिस्से में जा घुसा। इसके बाद सांप को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए फर्श की खुदाई करनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद करीब 7 से 8 फीट लंबे धामन सांप को बाहर निकाला गया। स्नेक कैचर ने सावधानीपूर्वक उसका रेस्क्यू किया और बाद में उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।
गनीमत रही कि पूरी घटना के दौरान किसी भी बच्चे, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता या अन्य व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। घटना के समय केंद्र में छोटे बच्चे मौजूद थे। यदि समय रहते सांप पर नजर नहीं पड़ती तो कोई अप्रिय घटना भी हो सकती थी।
जहरीला नहीं होता धामन, फिर भी सावधानी जरूरी
धामन सांप को सामान्य तौर पर गैर-विषैला माना जाता है। यह चूहों और अन्य छोटे जीवों का शिकार करता है तथा खेतों और आसपास के पर्यावरण के लिए उपयोगी माना जाता है। हालांकि, इसके आकार और तेज गति के कारण लोग अक्सर इसे देखकर घबरा जाते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, सांप दिखाई देने पर उसे खुद पकड़ने या मारने का प्रयास नहीं करना चाहिए। बच्चों को तत्काल उस स्थान से दूर कर देना चाहिए और प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यूअर को सूचना देनी चाहिए।
इस घटना ने आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। केंद्रों के कमरों, फर्श की दरारों, आसपास की झाड़ियों और अनुपयोगी सामान की नियमित सफाई जरूरी है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।







