खूनी संघर्ष : बीच-बचाव करने आए 60 वर्षीय बुजुर्ग की संदिग्ध हालात में मौत… हड़कंप

सागर, यशभारत | भानगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम जुगपुरा में आपसी विवाद को लेकर हुई मारपीट में बीच-बचाव करने पहुंचे 60 वर्षीय बुजुर्ग अनरथ आदिवासी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि मारपीट के दौरान हुई धक्का-मुक्की और गहरे सदमे के कारण बुजुर्ग की जान गई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मर्ग कायम किया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत उस समय हुई जब मृतक का भतीजा दीपक आदिवासी कंजिया से अपने घर लौट रहा था। दीपक ने बताया कि गांव के पास ही आरोपी मोहर सिंह लोधी, नितेश लोधी, जगत सिंह लोधी और मोनू लोधी मिलकर उसके भाई प्रकाश आदिवासी के साथ लाठी-डंडों और लात-घूंसों से मारपीट कर रहे थे। प्रकाश को बचाने के लिए जब दीपक बीच में आया, तो आरोपियों ने उसकी भी बेरहमी से पिटाई कर दी।
बीच-बचाव करने पहुंचे बुजुर्ग बने शिकार
विवाद और शोर-शराबा सुनकर घर के पास मौजूद 60 वर्षीय अनरथ आदिवासी अपने भतीजों को बचाने के लिए मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों व परिजनों के अनुसार, आरोपियों ने बुजुर्ग के साथ भी अभद्रता करते हुए झूमा-झटकी और धक्का-मुक्की कर दी।
घटना के तुरंत बाद अनरथ आदिवासी जैसे-तैसे अपने घर पहुंचे, लेकिन अत्यधिक घबराहट और सदमे के कारण वे जमीन पर गिर पड़े। परिजनों द्वारा संभालते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बीना अस्पताल में हुआ पोस्टमार्टम
घटना की सूचना मिलते ही भानगढ़ थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लेकर शव का पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए बीना के सिविल अस्पताल भेजा। बुधवार को डॉक्टरों के मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इन्होंने कहा….
“पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”
— धनेंद्र यादव, थाना प्रभारी, भानगढ़







