हनुमान अंश’ भजन से मशहूर नेत्रहीन गायक सुनील लोधी का इलाज शुरू, फिर रोशन हो सकती है जिंदगी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में शुरू हुई आंखों की जांच और उपचार प्रक्रिया

सागर, यश भारत। अपने भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ से देशभर में पहचान बनाने वाले नेत्रहीन लोकगायक सुनील लोधी की जिंदगी में एक नई उम्मीद जगी है। मध्य प्रदेश के सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में उनकी आंखों का इलाज शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर उनके उपचार की व्यवस्था की गई है। अब सुनील को दोबारा दुनिया देखने की उम्मीद बंधी है।करीब 25 वर्षीय सुनील लोधी अपनी सुरीली आवाज और भक्ति संगीत के लिए जाने जाते हैं। उनका भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हुआ था। इसी भजन ने उन्हें ‘हनुमान अंश’ के नाम से पहचान दिलाई। उनकी गायकी ने लाखों लोगों का दिल जीता, लेकिन आंखों की रोशनी नहीं होने के कारण उन्हें जीवन में कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
सुनील के उपचार की शुरुआत होने के बाद उनके प्रशंसकों में भी खुशी का माहौल है। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा उनकी आंखों का परीक्षण किया जा रहा है। जांच के आधार पर आगे के उपचार की प्रक्रिया तय की जाएगी। फिलहाल उनके दोबारा देख पाने की संभावनाओं को लेकर उम्मीद जताई जा रही है।इस बीच सुनील लोधी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर आंखों के क्लिनिक की कुछ तस्वीरें साझा की हैं। उन्होंने अपनी पोस्ट में ईश्वर और इस मुश्किल समय में साथ देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया है।







