भोपाल में कल रैली के चलते स्कूलों को समय बदलने की छूट , जिला शिक्षा अधिकारी ने जारी किए निर्देश, विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ले सकेंगे संचालन पर फैसला

भोपाल में कल रैली के चलते स्कूलों को समय बदलने की छूट
जिला शिक्षा अधिकारी ने जारी किए निर्देश, विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ले सकेंगे संचालन पर फैसला
भोपाल, यश भारत। शहर में 4 नवंबर को अटल पथ और टीटी नगर क्षेत्र में आयोजित होने वाले वृहद कार्यक्रम एवं रैली के मद्देनजर जिला शिक्षा अधिकारी ने जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। यातायात व्यवस्था में बदलाव और संभावित जाम को देखते हुए स्कूल प्रबंधन अपने स्तर पर स्कूल के समय में परिवर्तन करने अथवा विद्यालय संचालन के संबंध में उचित निर्णय ले सकेंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा 3 नवंबर को जारी आदेश के अनुसार, 4 नवंबर को सुबह 10 बजे से अटल पथ, टीटी नगर क्षेत्र में वृहद कार्यक्रम एवं रैली प्रस्तावित है। इसमें 40 से 50 हजार से अधिक नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। इसके चलते टीटी नगर रोशनपुरा लिंक रोड नंबर-1 एवं 2 भदभदा जवाहर चौक पॉलिटेक्निक और बाणगंगा सहित आसपास के क्षेत्रों में यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। इन मार्गों पर जाम की स्थिति बनने से स्कूली बसों और विद्यार्थियों के आवागमन में परेशानी हो सकती है।
आदेश में सभी स्कूल प्राचार्यों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने विद्यालय की स्थिति विद्यार्थियों के आने जाने के मार्ग और बसों के संचालन का आकलन कर विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्णय लें। साथ ही लिए गए निर्णय की जानकारी अभिभावकों विद्यार्थियों और वाहन संचालकों को देना अनिवार्य होगा।
आज ही भेजनी होगी निर्णय की जानकारी
जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी विद्यालयों को अपने निर्णय की जानकारी जिला शिक्षा कार्यालय को अनिवार्य रूप से भेजने के निर्देश दिए हैं। वहीं विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और संकुल प्राचार्यों को विद्यालयों से समन्वय कर निर्णयों की संकलित जानकारी तत्काल कार्यालय में उपलब्ध कराने को कहा गया है।







