
राष्ट्रीय दंत चिकित्सा आयोग के बोर्ड में डॉ. चंद्रेश कुमार शुक्ला चयनित मध्य प्रदेश के लिए गौरव का क्षण, दो वर्ष के लिए बने अंशकालिक सदस्य
जबलपुर, यश भारत। मध्य प्रदेश के लिए गौरव की बात है कि डॉ. चंद्रेश कुमार शुक्ला का चयन राष्ट्रीय दंत चिकित्सा आयोग (एनडीसी) के एथिक्स एंड डेंटल रजिस्ट्रेशन बोर्ड में अंशकालिक सदस्य के रूप में हुआ है। भारत सरकार के केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा आयोग और इसके तीन स्वायत्त बोर्डों के अंशकालिक सदस्यों का चयन ड्रॉ ऑफ लॉट्स (लॉटरी प्रक्रिया) के माध्यम से किया गया।
इस चयन प्रक्रिया के तहत डॉ. शुक्ला को आगामी दो वर्षों के लिए बोर्ड का अंशकालिक सदस्य नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति को मध्य प्रदेश के दंत चिकित्सा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर आयोग के बोर्ड में प्रदेश का प्रतिनिधित्व मिलने से दंत चिकित्सा शिक्षा, पेशेवर नैतिकता और दंत चिकित्सकों के पंजीकरण से जुड़े विषयों में प्रदेश की भागीदारी को मजबूती मिलेगी। डॉ. शुक्ला के चयन से चिकित्सा जगत में हर्ष का माहौल है।







