मुख्य ख़बरें

बड़ी खब़र : सागर शराब कांड के बाद पूर्व सागर SP अनुराग सुजानिया का अचानक इस्तीफा : शासन में हलचल

सागर, यशभारत l सागर जिले के पुलिस कप्तान पद से हटाए जाने के महज चार दिन बाद मध्यप्रदेश कैडर (2014 बैच) के आईपीएस अधिकारी अनुराग सुजानिया ने अचानक इस्तीफा दे देकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में खलबली मचा दी है। सुजानिया को हाल ही में सागर एसपी के पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय (PHQ) में एआईजी (AIG) बनाया गया था। सोमवार को उन्होंने अपना इस्तीफा सौंपते हुए नौकरी छोड़ने की वजह “व्यक्तिगत” बताई है।

आईपीएस सुजानिया का इस्तीफा सरकार ने स्वीकार किया है या नहीं, इस पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। वहीं, इस मामले पर IPS ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष चंचल शेखर ने अनभिज्ञता जताते हुए टिप्पणी करने से परहेज किया है।

आईपीएस अधिकारी के अचानक इस्तीफे के बाद राज्य सरकार पूरी तरह हरकत में आ गई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री स्वयं पुलिस मुख्यालय पहुंच रहे हैं, जहां वे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगे।

दो जहरीली शराब कांडों से जुड़ा रहा कार्यकाल

हाल ही में सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब पीने से आधिकारिक तौर पर 22 लोगों की मौत हुई थी, जबकि विपक्ष ने 40मौतों का दावा किया था। घटना के 60 दिन बाद सरकार ने सागर कलेक्टर और एसपी दोनों को हटाने के आदेश जारी किए थे। दो दिन पहले ही उनका विदाई समारोह आयोजित किया गया था।

मुरैना शराब कांड (2021): इससे पहले जब अनुराग सुजानिया मुरैना के एसपी थे, तब वहां भी जहरीली शराब से 24 से ज्यादा लोगों की जान गई थी। जांच में पुलिस के संरक्षण में अवैध शराब बिक्री की पुष्टि होने के बाद उन्हें एसपी पद से हटाया गया था।

सागर शराब कांड के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने एसपी अनुराग सुजानिया पर बेहद गंभीर आरोप लगाए थे। दिग्विजय सिंह ने मीडिया के सामने कहा था कि एसपी सुजानिया हर माह करीब 50 से 60 लाख रुपये की अवैध वसूली करते थे। उन्होंने एसपी को खुली चुनौती दी थी कि यदि उनके आरोप झूठे हैं, तो वे उन पर मानहानि का केस दर्ज कराएं, जिसे वे अदालत में साबित करने को तैयार हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button