1200 बसें और 50 हजार लोग होंगे शामिल

राजधानी मेंलोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ रैली को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया डायवर्सन प्लान, 1200 बसें और 50 हजार लोग होंगे शामिल
भोपाल, यशभारत। शहर में कल 04 नवंबर को होने वाले बड़े राजनीतिक और सामाजिक आयोजन को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। अटल पथ टीटी नगर पर ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम और उसके बाद निकाली जाने वाली वृहद रैली को देखते हुए नगरीय यातायात पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक और पार्किंग प्लान जारी किया है। इस महाआंदोलन में भोपाल जिले की सातों विधानसभाओं के साथ-साथ विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम और सीहोर जिलों से भारी संख्या में भीड़ जुटने की संभावना है।
यातायात पुलिस मिली जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम में लगभग 1200 बसें, 2 हजार चार पहिया वाहन और 40 से 50 हजार कार्यकर्ताओं व आमजन के शामिल होने की संभावना है। भीड़ के सुगम आवागमन और शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए शहर के प्रमुख मार्गों पर सुबह 08:00 बजे से यातायात का दबाव अधिक रहेगा, जिसके लिए विशेष रूट डायवर्सन लागू किए गए हैं।
विभिन्न जिलों और दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए रूट और पार्किंग व्यवस्था:
विदिशा और रायसेन मार्ग: इस ओर से आने वाली बसें पटेल नगर, चेतक ब्रिज, बोर्ड ऑफिस, लिंक रोड-1 और अपेक्स बैंक होते हुए टीटी नगर स्टेडियम के पास कार्यकर्ताओं को उतारेंगी। इसके बाद बसें एलएलए रेस्ट हाउस परिसर में पार्क की जाएंगी। वापसी में ये बसें लिंक रोड-1 से ही सवारियां बैठा सकेंगी।
नर्मदापुरम, मंडीदीप और मिसरोद मार्ग: नर्मदापुरम रोड, गणेश मंदिर, मानसरोवर तिराहा, लिंक रोड-2 और सेकंड स्टॉप से होते हुए बसें अटल पथ के पास ड्रॉप करेंगी। इनकी पार्किंग तुलसी नगर अंबेडकर पार्क के पास सुनिश्चित की गई है।
सीहोर, रातीबड़ और नीलबड़ मार्ग: भदभदा चौराहा और भारत माता चौराहा से होते हुए वाहन जवाहर चौक पर कार्यकर्ताओं को उतारेंगे और मॉडल स्कूल परिसर में पार्क होंगे।
ग्रामीण क्षेत्र (मुबारकपुर बायपास) मार्ग: गांधी नगर, लालघाटी, वीआईपी रोड, पॉलिटेक्निक चौराहा और बाणगंगा होते हुए बसें कमला नेहरू स्कूल सेंटर पॉइंट पर ड्रॉप करेंगी, जबकि इनकी पार्किंग टीटी नगर दशहरा मैदान के आसपास रहेगी।
पुराने शहर की ओर से: भारत टॉकीज, लिली चौराहा, कंट्रोल रूम और रोशनपुरा चौराहा होते हुए वाहन टीटी नगर स्टेडियम के पास पहुंचेंगे। इन बसों की पार्किंग लाल परेड मैदान, रविंद्र भवन और खटलापुरा रोड पर की जाएगी।
इन प्रमुख मार्गों पर रहेगा भारी दबाव, वैकल्पिक रास्तों का करें इस्तेमाल
कार्यक्रम के दौरान सुबह 08:00 बजे से भदभदा चौराहा, भारत माता चौराहा से जवाहर चौक, मेनिट से माता मंदिर होकर रोशनपुरा, 1250 चौराहा से लिंक-1, कंट्रोल रूम और पॉलिटेक्निक चौराहा से बाणगंगा होकर रोशनपुरा जाने वाले रास्तों पर यातायात का भारी दबाव रहेगा। आम नागरिकों को असुविधा से बचाने के लिए पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।







