Top-5जबलपुरदेशमध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

गोलबाजार में भाजपा की पदयात्रा का भव्य समापन, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दीं शुभकामनाएं

केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल सहित प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं ने की सहभागिता

जबलपुर, यश भारत। भारतीय जनता पार्टी के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत सोमवार को जबलपुर में निकाली गई पदयात्रा का उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। गोलबाजार स्थित शहीद स्मारक से शुरू हुई इस पदयात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने सहभागिता की। शहर के प्रमुख मार्गों से निकली पदयात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोगों ने हिस्सा लिया।

पदयात्रा की शुरुआत गोलबाजार से हुई। यहां से यात्रा मालवीय चौक, लार्डगंज, बड़ा फुहारा, अंधेरदेव, तुलाराम चौक और करमचंद चौक होते हुए वापस गोलबाजार पहुंची। पूरे मार्ग में विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक और अन्य संगठनों की ओर से स्वागत मंच बनाए गए थे। इन मंचों से नेताओं और पदयात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं का स्वागत किया गया। जगह-जगह हुए स्वागत से यात्रा का माहौल उत्सवमय नजर आया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पदयात्रा में शामिल सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और नागरिकों का अभिवादन करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले लोगों के उत्साह की सराहना की। मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल और उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने आयोजन को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बना दिया।

पदयात्रा में भाजपा प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, सांसद आशीष दुबे, राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकि, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, स्थानीय विधायक, निगम एवं विभिन्न प्राधिकरणों के पदाधिकारी भी शामिल हुए। इसके अलावा व्यापारिक, सामाजिक और खेल संगठनों के प्रतिनिधियों, अधिवक्ताओं तथा चिकित्सकों ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भाजपा संगठन ने पहले से व्यापक तैयारियां की थीं। विधायकों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों को कार्यक्रम में लाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को भी पदयात्रा में भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके चलते शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से पार्टी कार्यकर्ता समूहों में पहुंचे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button