शिवनगर में अधिवक्ता पर जानलेवा हमला,बंदूक दिखाकर पैसों की मांग का आरोप, देखे वीडियो ……

जबलपुर,यशभारत। कोतवाली थाना क्षेत्र के शिवनगर में अधिवक्ता रॉबिन जैन पर जानलेवा हमले की घटना से सनसनी फैल गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने अधिवक्ता को बुलाकर बंदूक की धौंस दिखाते हुए पैसों की मांग की। विरोध करने पर आरोपियों ने तलवार, बेसबॉल के डंडों और लात-घूंसों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद अधिवक्ता समुदाय में आक्रोश व्याप्त है।
अधिवक्ता रॉबिन जैन के मुताबिक, वे अपने कार्यालय में बैठे थे, तभी क्षेत्र के विजय सिंह और अंकुर पांडे ने उन्हें बुलाया। वहां पहुंचने पर आरोपियों ने उनसे अनैतिक रूप से पैसों की मांग की और बंदूक दिखाकर दबाव बनाने का प्रयास किया। अधिवक्ता ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने पीछे से तलवार और बेसबॉल के डंडों से हमला कर दिया। इसके अलावा लात-घूंसों से भी मारपीट की गई, जिससे अधिवक्ता लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। गंभीर रूप से घायल अधिवक्ता को उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही अधिवक्ता समुदाय में नाराजगी फैल गई। अधिवक्ताओं ने घटना पर रोष जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।






