जानलेवा हमला करने वाले आरोपियों का पुलिस ने निकाला जुलूस, पिस्टल और दो चाकू बरामद, देखे वीडियो …….

जबलपुर,यश भारत। लार्डगंज थाना क्षेत्र के कछियाना स्थित बसोड़ मोहल्ले में पुरानी रंजिश और शराब के लिए रुपए नहीं देने पर 27 वर्षीय युवक पर गोली और चाकू से जानलेवा हमला करने वाले तीनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को महाराजपुर के पास से पकड़ा। उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल और दो चाकू भी बरामद किए गए हैं। पकडे गए आरोपियों को पुलिस ने शनिवार को कोर्ट में पेश किया । इसके पहले पुलिस ने आरोपियों का जुलुस निकाला |
गिरफ्तार आरोपी सत्य सिंह राजपूत उर्फ सत्यम राजपूत, सत्यम साहू और वीरू संग्राम उर्फ वीरू मेहतर के खिलाफ लार्डगंज पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया था | उल्लेखनीय है कि 26-27 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब 11:30 बजे कछियाना के बसोड़ मोहल्ले में 27 वर्षीय तरुण मिर्गे उर्फ तरुण मेहता पर हमला किया गया था।
पुलिस के मुताबिक़ आरोपियों ने उससे शराब पीने के लिए रुपए मांगे थे। रुपए देने से इनकार करने पर पुराने लेन-देन और रंजिश को लेकर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। हमले के दौरान युवक के घुटने में गोली मारी गई, जबकि पसली और जांघ पर चाकू से वार किए गए। गंभीर रूप से घायल तरुण को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया था।







