बरगी नहर हादसा: रील बनाने के जूनून में बही 2 लड़कियों के मिले शव,1 अभी भी लापता
रेस्क्यू आपरेशन ज़ारी

जबलपुर,यशभारत। सालीवाड़ा क्षेत्र स्थित बरगी नहर में गुरुवार पूर्वान्ह करीब 11 बजे रील बनाने के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। तेज बहाव के चलते नहर में उतरी चार किशोरियां बह गईं। घटना में दो लड़कियों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक अब भी लापता है। एक अन्य लड़की को सुरक्षित बचा लिया गया।
जानकारी के अनुसार, पटेल परिवार की पांच लड़कियां सालीवाड़ा में कमलेश पटेल के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आई थीं। गुरुवार को सभी नहर किनारे पहुंचीं, जहां चार लड़कियां पानी में नहा रही थीं, जबकि एक लड़की किनारे खड़ी होकर मोबाइल से रील बना रही थी। इसी दौरान अचानक तेज बहाव के कारण चारों लड़कियां डूबने लगीं। किनारे पर मौजूद लड़की ने साहस दिखाते हुए एक किशोरी को बचा लिया, लेकिन बाकी तीन लड़कियां पानी के तेज बहाव में बहकर लापता हो गईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव का प्रयास किया, पर सफलता नहीं मिल सकी।
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और होमगार्ड का गोताखोर दल मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब तीन घंटे की खोजबीन के बाद घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर शीतल पटेल (16 वर्ष) और सानिया पटेल (14 वर्ष) के शव बरामद किए गए। वहीं 14 वर्षीय तनु पटेल की तलाश जारी है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। बच्चियों के शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भिजवाकर मर्ग कायम कर लिया है।







