टूटा जिंदगी का सफर: हॉस्टल के स्टोर रूम में मिला इंजीनियरिंग छात्र का शव, हड़कंप…. देखें पूरा वीडियो

सागर, यशभारत l इंजीनियरिंग कॉलेज के फाइनल ईयर के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। छात्र का शव हॉस्टल के स्टोर रूम में फंदे पर लटका मिला। मृतक मूल रूप से रीवा जिले का रहने वाला था और कॉलेज में रहकर अपनी इंजीनियरिंग की अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। इस दुखद घटना के बाद से पूरे कॉलेज परिसर और विद्यार्थियों में शोक की लहर दौड़ गई है।
साथियों और रूममेट्स के अनुसार, विक्रमादित्य सिंह बघेल एक होनहार छात्र था और वर्तमान में GATE (ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग) परीक्षा की तैयारी में जुटा हुआ था। पिछले कुछ दिनों से वह अपने करियर और भविष्य को लेकर काफी तनाव में चल रहा था और काफी गुमसुम रहने लगा था।
मृतक के रूममेट आकाश खरौले ने पुलिस को जानकारी दी कि रात में करीब 3:00 बजे जब वह पानी पीने उठा था, तब उसकी विक्रमादित्य से सामान्य बात हुई थी। इसके बाद सुबह लगभग 10:30 बजे इस अनहोनी घटना की जानकारी सामने आई, जब स्टोर रूम में उसका शव फंदे पर लटका देखा गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए रूममेट्स और दोस्तों से पूछताछ कर रही है तथा मामले की हर पहलू से गहराई से जांच की जा रही है। होनहार छात्र की इस असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।







