मध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

कमाई से 264% अधिक खर्च: लोकायुक्त की रडार पर SGST अफसर, जबलपुर, भोपाल और सागर में मिला संपत्तियों का अंबार

सागर, यशभारत ।आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत पर लोकायुक्त पुलिस ने  राज्य जीएसटी (SGST) विभाग के वाणिज्यिक कर अधिकारी मनीष कुमार जैन के ठिकानों पर छापामार कार्रवाई शुरू की। वर्तमान में दमोह में पदस्थ अधिकारी से जुड़े जबलपुर, भोपाल और सागर के ठिकानों पर एक साथ तलाशी ली जा रही है।

लोकायुक्त की प्रारंभिक जांच में अधिकारी की ज्ञात आय और कुल व्यय के बीच करीब 2.75 करोड़ रुपये का अंतर सामने आया है। कार्रवाई के दौरान अधिकारी, उनकी पत्नी और परिजनों के नाम पर दर्ज संपत्तियों, वाहनों तथा बीमा पॉलिसियों से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

1.03 करोड़ की आय, 3.78 करोड़ रुपये का व्यय

लोकायुक्त की प्रारंभिक जांच के अनुसार, अधिकारी की कुल ज्ञात आय 1 करोड़ 3 लाख 73 हजार 317 रुपये आंकी गई है, जबकि कुल व्यय 3 करोड़ 78 लाख 25 हजार 707 रुपये सामने आया है। इस तरह व्यय ज्ञात आय का 364.64 प्रतिशत है और आय की तुलना में 2 करोड़ 74 लाख 52 हजार 390 रुपये अधिक खर्च दर्ज किया गया है।

शिकायत का सत्यापन निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया ने किया था। प्रारंभिक जांच में शिकायत प्रथमदृष्टया सही पाए जाने के बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक अंजूलता पटले को मिली शिकायत के आधार पर तीन टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई शुरू की।

जबलपुर में करोड़ों की जमीन, भोपाल में बंगला और फ्लैट

लोकायुक्त की प्रारंभिक जांच में मनीष कुमार जैन के नाम पर जबलपुर में 278.74 वर्गमीटर जमीन का विवरण सामने आया है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 43 लाख 60 हजार 880 रुपये बताई गई है। उनकी पत्नी निधि जैन के नाम पर भी जबलपुर में 116.14 वर्गमीटर जमीन और इतने ही क्षेत्रफल का एक प्लॉट दर्ज होने की जानकारी मिली है। दोनों की अनुमानित कीमत 9 लाख 56 हजार 375 रुपये प्रति संपत्ति बताई गई है।

भोपाल में निधि जैन के नाम पर 180 वर्गमीटर जमीन पर बने बंगले की अनुमानित कीमत 22 लाख 87 हजार 126 रुपये बताई गई है। इसके अलावा 402.41 वर्गमीटर के प्लॉट की कीमत 13 लाख 68 हजार 550 रुपये और 83.18 वर्गमीटर के फ्लैट की कीमत 13 लाख 34 हजार 630 रुपये आंकी गई है।

बंडा में माता-पिता के नाम पर मकानों का विवरण

सागर जिले के बंडा में अधिकारी के परिजनों के नाम पर भी संपत्तियों का ब्योरा सामने आया है। माता राशि जैन के नाम पर 92.93 वर्गमीटर के प्लॉट पर बने मकान की अनुमानित कीमत 23 लाख 49 हजार 140 रुपये बताई गई है। वहीं, पिता कोमलचंद जैन के नाम पर 91.07 वर्गमीटर के प्लॉट पर बने मकान की कीमत 43 लाख 19 हजार 388 रुपये और 111.48 वर्गमीटर के एक अन्य प्लॉट पर बने मकान की कीमत 2 लाख 86 हजार 485 रुपये दर्ज की गई है।

कार, दोपहिया वाहन और बीमा पॉलिसियां भी जांच के दायरे में

प्रारंभिक जांच में पत्नी निधि जैन के नाम पर मारुति स्विफ्ट कार और सुजुकी एक्सेस वाहन का विवरण भी सामने आया है। दोनों वाहनों की कुल अनुमानित कीमत 5 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा अधिकारी और परिवार के सदस्यों के नाम पर बीमा पॉलिसियों का मूल्य 33 लाख 93 हजार 986 रुपये आंका गया है।
आय के स्रोतों और संपत्तियों का सत्यापन जारी
लोकायुक्त पुलिस की टीमें विभिन्न ठिकानों पर मिले दस्तावेजों और संपत्तियों का सत्यापन कर रही हैं। जांच में संपत्तियों के वास्तविक मूल्य, उन्हें खरीदने में खर्च की गई राशि, आय के ज्ञात स्रोतों और कुल व्यय के बीच अंतर का परीक्षण किया जाएगा।
फिलहाल सामने आए आंकड़े प्रारंभिक जांच पर आधारित हैं। संपत्तियों के स्वामित्व, वास्तविक मूल्य और आय के स्रोतों को लेकर अंतिम स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button