तीन दिवसीय प्रवास पर जबलपुर पहुंचे मोहन भागवत, संघ कार्यकर्ताओं से करेंगे संवाद

जबलपुर,यशभारत। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत तीन दिवसीय प्रवास पर शनिवार सुबह जबलपुर पहुंचे। वे सुबह 4:34 बजे अमरकंटक एक्सप्रेस से रायपुर से जबलपुर आए। रेलवे स्टेशन से उनका काफिला राइट टाउन स्थित केशव कुटी पहुंचा, जहां उनके ठहरने की व्यवस्था की गई है। प्रवास के दौरान वे संघ के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के साथ ही संगठन के दायित्ववान कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। प्रवास के पहले दिन शनिवार शाम को डॉ. भागवत करमेता स्थित श्रीराम इंजीनियरिंग कॉलेज जाएंगे। यहां आयोजित कार्यक्रम में वे जबलपुर महानगर में निवासरत मुख्य शिक्षक एवं उनसे ऊपर के दायित्वों पर कार्य कर रहे स्वयंसेवकों के साथ संवाद करेंगे।
महाविद्यालयीन स्वयंसेवकों के शिविर में होंगे शामिल
डॉ. मोहन भागवत 25 अक्टूबर को महाकोशल प्रांत के महाविद्यालयीन स्वयंसेवकों के शिविर में सहभागिता करेंगे। वहीं, 26 अक्टूबर को वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के महाकोशल प्रांत की कार्यकारिणी एवं विभाग टोली के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से संगठनात्मक गतिविधियों, कार्यों और आगामी योजनाओं पर चर्चा होने की संभावना है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ड्रोन उड़ाने पर रोक
सरसंघचालक के आगमन को देखते हुए पुलिस विभाग ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। राइट टाउन स्थित केशव कुटी और उसके आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। वहीं, जिला प्रशासन ने उनके प्रवास के दौरान सुरक्षा कारणों से निर्धारित स्थलों के आसपास ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगा दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, रेलवे स्टेशन, केशव कुटी, सरस्वती शिक्षा परिषद नरसिंह मंदिर, शास्त्री ब्रिज तथा करमेता स्थित श्रीराम इंजीनियरिंग कॉलेज के आसपास 500 मीटर की परिधि में ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन ने यह कदम सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया है।







