भोपाल में सुरक्षा पर उठे सवाल: जहांगीराबाद थाने के सिकंदरिया ग्राउंड में धू-धू कर जले 6 जब्त वाहन, देखें वीडियो

भोपाल में सुरक्षा पर उठे सवाल: जहांगीराबाद थाने के सिकंदरिया ग्राउंड में धू-धू कर जले 6 जब्त वाहन, देखें वीडियो
भोपाल, यशभारत। राजधानी की कानून-व्यवस्था और पुलिस परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सिकंदरिया ग्राउंड में खुले आसमान के नीचे खड़े किए गए जब्तशुदा वाहनों में अचानक भीषण आग लग गई। इस दुर्घटना में लगभग 6 वाहन जलकर पूरी तरह खाक हो गए, जिससे थाने के मालखाने और जब्ती के सामान की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा असमंजस पैदा हो गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास हड़कंप मच गया। तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर बमुश्किल काबू पाया। यदि समय रहते दमकल की गाड़ियां नहीं पहुंचतीं, तो आग विकराल रूप धारण कर आसपास के अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी।

मामले की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी हरिकिशन लोरिया ने बताया कि आग की चपेट में कुल 6 जब्त वाहन आए हैं। पुलिस ने इस संबंध में आगजनी का मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, गाड़ियों में अचानक आग लगने के पीछे की असली वजह अभी तक सामने नहीं आ सकी है। पुलिस अब शॉर्ट सर्किट या अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की बारीकी से जांच कर रही है।






