सीएम डॉ. मोहन यादव ने कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस में की योजनाओं की समीक्षा , त्योहारों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश, एसपी-आईजी को सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद करने को कहा

सीएम डॉ. मोहन यादव ने कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस में की योजनाओं की समीक्षा
त्योहारों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश, एसपी-आईजी को सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद करने को कहा
भोपाल यश भारत। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्चस्तरीय कलेक्टर-कमिश्नर एवं एसपी-आईजी कॉन्फ्रेंस की अध्यक्षता की। बैठक में प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टर संभागीय कमिश्नर पुलिस अधीक्षक और पुलिस महानिरीक्षक शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं के क्रियान्वयन और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से मैदानी स्तर पर किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। बैठक में मुख्यमंत्री ने सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और विकास कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की नियमित निगरानी करने तथा प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश
आगामी त्योहारों को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम समय रहते सुनिश्चित करने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा। साथ ही, कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों पर लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की सुरक्षा शांति और सौहार्द बनाए रखना प्राथमिकता रहे। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में स्थिति पर नजर रखें और आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करें।
कॉन्फ्रेंस में विकास योजनाओं की प्रगति प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा और त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।







