लव मैरिज के छह महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत

लव मैरिज के छह महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत
भोपाल, यशभारत। राजधानी के गांधीनगर थाना क्षेत्र के अचारपुरा स्थित मीणा चौराहे के पास एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ सोशल मीडिया के जरिए हुई दोस्ती के बाद लव मैरिज करने वाली 20 वर्षीय नवविवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसी युवती को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहाँ बुधवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना 18 अक्टूबर की बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 20 वर्षीय दीपाली प्रजापति के रूप में हुई है, जो मूल रूप से छिंदवाड़ा की रहने वाली थी। कुछ समय पहले सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी पहचान रोहित कुशवाह से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों ने करीब छह महीने पहले भोपाल में ही लव मैरिज कर ली थी। शादी के बाद से दीपाली अपने पति के साथ करोंद की पूजा कॉलोनी स्थित ससुराल में रह रही थी। रोहित एक निजी कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता है, जबकि दीपाली गृहिणी थी।
ग्वालियर से लौटने के बाद हुई घटना, बचाने में पति भी झुलसा
पति रोहित ने पुलिस को बताया कि दीपाली बिना बताए अपनी सहेली के साथ ग्वालियर घूमने चली गई थी और 17 अक्टूबर को ही भोपाल लौटी थी। उसी रात दीपाली ने घबराहट होने की बात कही और रोहित से चाय पीने चलने का आग्रह किया। रोहित उसे चाय पिलाने के लिए बाहर ले गया था। लौटते समय रास्ते में अचानक दीपाली ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। आग की लपटों से घिरी पत्नी को बचाने की कोशिश में पति रोहित के हाथ भी बुरी तरह झुलस गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गांधीनगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। एएसआई जेएस पाटिल ने बताया कि फिलहाल मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर किसी तरह का कोई आरोप नहीं लगाया है और न ही इस मौत को लेकर कोई संदेह जताया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।







