घर में घुसकर 8 साल के बच्चे का नोंचा चेहरा, 15 लोगों को बनाया शिकार

राजधानी में आवारा कुत्तों का खौफ: घर में घुसकर 8 साल के बच्चे का नोंचा चेहरा, 15 लोगों को बनाया शिकार
भोपाल, यशभारत। राजधानी के शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत नूर महल लाल मस्जिद रोड, वार्ड-9 में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। इलाके में आतंक का पर्याय बन चुके कुत्तों के झुंड ने अब घरों में घुसकर बच्चों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामले में आवारा कुत्तों ने घर में घुसकर 8 साल के मासूम बच्चे का चेहरा बुरी तरह नोंच डाला, जिससे उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सर्जरी करनी पड़ी है।
घर में घुसकर किया हमला, चेहरे पर आई गंभीर चोटें
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, 16 अक्टूबर को एक आवारा कुत्ता घर के अंदर घुस आया और आठ वर्षीय इब्राहिम पर हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्चे के चेहरे पर चार अलग-अलग जगहों पर गंभीर घाव कर दिए। घटना के तुरंत बाद सहमे परिजन उसे आनन-फानन में हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसकी सर्जरी की गई। बच्चे की हालत पिछले पांच दिनों से गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों का कहना है कि यदि पहली सर्जरी से घाव पूरी तरह ठीक नहीं होते हैं, तो बच्चे की एक और सर्जरी करनी पड़ सकती है।
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि वार्ड-9 के लाल मस्जिद रोड इलाके में आवारा कुत्तों का भारी आतंक है। पिछले महज 5 दिनों के भीतर ये कुत्ते 15 से ज्यादा स्थानीय नागरिकों को काटकर घायल कर चुके हैं। सुबह के वक्त मस्जिद जाने वाले नमाजियों और स्कूल आने-जाने वाले बच्चों के लिए घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। रहवासियों के मुताबिक, इलाके में 50 से अधिक आवारा कुत्तों का झुंड घूम रहा है, जिसके डर से लोगों का जीना मुहाल हो गया है।
निगम के दावों पर उठे सवाल, जनता परेशान
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि इस गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, वार्ड पार्षद और नगर निगम अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। रहवासियों ने स्थानीय विधायक आतिफ अकील के साथ मिलकर आवारा कुत्तों को पकड़कर इलाके से बाहर भेजने की जोरदार मांग की है, ताकि क्षेत्र के नागरिकों और मासूम बच्चों को इस जानलेवा खतरे से बचाया जा सके।







