बदमाशों ने पुलिसकर्मी से की हाथापाई और फाड़ी वर्दी, छह पर मामला दर्ज, देखें वीडियो

हबीबगंज थाने में बवाल: बदमाशों ने पुलिसकर्मी से की हाथापाई और फाड़ी वर्दी, छह पर मामला दर्ज, देखें वीडियो
भोपाल, यशभारत। राजधानी के हबीबगंज थाना परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मारपीट के एक मामले में पक्ष रखने पहुंचे बदमाशों ने पुलिसकर्मियों के साथ ही बदसलूकी और मारपीट शुरू कर दी। मुख्य आरोपी बंटी राय और उसके साथियों पर एक पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ने का गंभीर आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, मारपीट से जुड़े एक मामले में बंटी राय एक पक्ष की तरफ से हबीबगंज पुलिस स्टेशन पहुंचा था। थाने के भीतर ही दूसरे पक्ष के साथ उसका कहासुनी और विवाद होने लगा। जब मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी बंटी राय और उसके साथी पुलिस से ही उलझ पड़े। विवाद इतना बढ़ा कि युवकों ने हाथापाई शुरू कर दी और एक पुलिसकर्मी की वर्दी तक फाड़ दी। थाने के अंदर इस तरह की गुंडागर्दी और अराजकता ने खाकी की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
छह लोगों के खिलाफ सख्त एक्शन
थाना परिसर में हुई इस घटना का वीडियो वायरल होने और मामला तूल पकड़ने के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। हबीबगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी बंटी राय को हिरासत में ले लिया है। इस पूरे मामले में बंटी राय और अभिषेक राय समेत कुल 6 लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और एफआईआर दर्ज की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले ऐसे असमाजिक तत्वों के खिलाफ और अधिक सख्त रुख अपनाया जाएगा।






