ग्वालियर में भीषण सड़क हादसा: मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं पर काल बनकर दौड़ा तेज रफ्तार ट्रक, 13 की मौत, 29 घायल, 7 की हालत गंभीर

ग्वालियर, यशभारत। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 13 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 29 लोग घायल हो गए। हादसा रात करीब 1:30 बजे चीनौर रोड पर शीतला माता मंदिर के पास ढलान पर हुआ। मृतकों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। घायलों में दो पुलिसकर्मी भी हैं, जबकि सात लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सभी श्रद्धालु देवी दर्शन के लिए शीतला माता मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने श्रद्धालुओं को कुचल दिया। ट्रक सड़क किनारे लगी दुकानों को टक्कर मारते हुए मंदिर के प्रवेश द्वार से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मंदिर की दीवार ढह गई और उसके मलबे में 40 से 50 लोग दब गए।
मलबे में दबे श्रद्धालु, अस्पतालों में भर्ती कराए गए घायल
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। श्रद्धालुओं की चीख-पुकार के बीच राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। मलबे में दबे लोगों को निकालकर घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों का उपचार जारी है।
कलेक्टर ने दी हादसे की जानकारी
ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान के मुताबिक, ट्रक श्रद्धालुओं और सड़क किनारे लगी दुकानों को कुचलते हुए मंदिर के एंट्री गेट से टकराया। टक्कर के कारण मंदिर की दीवार ढह गई, जिसके मलबे में बड़ी संख्या में लोग दब गए थे।
इस हादसे ने धार्मिक दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं के परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। हादसे के कारणों और ट्रक चालक की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।







