दूसरे दिन भी थाने के बाहर प्रदर्शन, भारी पुलिस बल तैनात

भोपाल के बैरागढ़ में 12 साल की मासूम की हत्या और दुष्कर्म की आशंका पर भड़का आक्रोश
दूसरे दिन भी थाने के बाहर प्रदर्शन, भारी पुलिस बल तैनात
भोपाल, यशभारत। राजधानी के बैरागढ़ इलाके में 12 साल की मासूम बच्ची की संदिग्धावस्था में नग्न अवस्था में मिले शव के मामले में शनिवार को दूसरे दिन भी क्षेत्र में तनाव और भारी आक्रोश बना हुआ है। आरोपी को तत्काल फांसी दिए जाने और उसे भीड़ के हवाले करने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन बैरागढ़ थाने के बाहर धरने पर बैठ गए हैं। प्रदर्शनकारियों के विरोध और बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस को थाने के मुख्य गेट बंद करने पड़े हैं। मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
परिजनों के अनुसार, बैरागढ़ फाटक रोड स्थित झुग्गी बस्ती में रहने वाली 12 वर्षीय बच्ची गुरुवार रात करीब 8 बजे माता की झांकी देखने के लिए घर से निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। काफी तलाश करने के बाद परिजनों ने देर रात बैरागढ़ थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शुक्रवार सुबह कृष्णा कॉम्प्लेक्स के पीछे स्थित एक सुनसान खंडहर की तीसरी मंजिल पर उसका शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतका की दादी ने बताया कि सुबह एक अन्य लड़की द्वारा खंडहर में बच्ची के होने की सूचना दिए जाने पर वह मौके पर पहुंचीं। उन्होंने दावा किया कि तलाश के दौरान सबसे पहले बच्ची का पेंडल और कपड़े मिले, और आगे बढ़ाने पर उसका शव एक कंबल में लिपटा हुआ मिला। परिजनों ने आशंका जताई है कि मासूम के साथ गंभीर यौन अपराध के बाद उसकी हत्या की गई है। दादी ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई नहीं की, तो वे न्याय के लिए आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर होंगे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए बैरागढ़ एसीपी समेत तमाम वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ में उसने अपराध करना कबूल किया है। वही पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने और फॉरेंसिक साक्ष्यों के मिलने के बाद ही मौत के असली कारणों और दुष्कर्म की पुष्टि के संबंध में स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।







