9 दिनों की तलाश का खौफनाक अंत : जंगल में मिला क्षत-विक्षत शव, सवालों के घेरे में मौत…. देखें पूरा वीडियो

यशभारत डिंडौरी।जिले के समनापुर विकासखंड अंतर्गत साल्हेघोरी क्षेत्र के मोहगांव झींझी टोला स्थित जंगल में नौ दिन से लापता एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। मृतक की पहचान सिंगपुर निवासी देवा सिंह के रूप में हुई है। शव मिलने से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। हालांकि, मृतक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवा सिंह करीब नौ दिन पहले अपने ससुराल दुधेरा गांव में रहने के दौरान लापता हो गया था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच बुधवार को मोहगांव झींझी टोला के जंगल में उसका शव मिलने की सूचना सामने आई। शव कई दिन पुराना होने के कारण क्षत-विक्षत अवस्था में था।
सूचना पर पहुंची पुलिस, शुरू की कार्रवाई
शव मिलने की सूचना के बाद समनापुर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार किया। घटना के बाद शव को जंगल से बाहर निकालने के लिए वाहन की व्यवस्था कराई गई। ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकालकर परिजनों तक पहुंचाया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने भी लिया घटनास्थल का जायजा
गुरुवार सुबह करीब नौ बजे जिला पंचायत डिंडौरी के अध्यक्ष रुदेश परस्ते घटनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान मृतक के परिजन और ग्राम पंचायत सिंगपुर के सरपंच भी मौजूद रहे। जिला पंचायत अध्यक्ष ने परिजनों एवं ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी ली और मौके की स्थिति का जायजा लिया।
वायरल वीडियो के बाद घटना को लेकर चर्चाएं तेज
शव मिलने के बाद गुरुवार सुबह से सोशल मीडिया पर इससे संबंधित वीडियो वायरल होने लगे। इसके चलते क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। हालांकि, सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो के आधार पर मौत के कारणों के संबंध में कोई निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा।
मौत की वजह अब भी सवालों के घेरे में
नौ दिन से लापता देवा सिंह का शव जंगल में किन परिस्थितियों में मिला, वह वहां कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन कारणों से हुई, ये सवाल अब भी अनुत्तरित हैं। फिलहाल मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।







