भोपालमध्य प्रदेशमध्यप्रदेश

भोपाल स्टेशन पर बड़ा हादसा टला: बेटी के शौचालय जाने के दौरान ट्रेन छूटी, चलती ट्रेन से उतरीं मां-बेटी; आरपीएफ जवान ने बचाई जान

भोपाल स्टेशन पर बड़ा हादसा टला: बेटी के शौचालय जाने के दौरान ट्रेन छूटी, चलती ट्रेन से उतरीं मां-बेटी; आरपीएफ जवान ने बचाई जान

भोपाल, यशभारत। राजधानी के मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर एक बार फिर लापरवाही भारी पड़ सकती थी, लेकिन ड्यूटी पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल के एक सतर्क जवान की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। चलती ट्रेन से उतरने के दौरान ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंसी मां-बेटी को आरपीएफ आरक्षक ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गनीमत रही कि इस घटना में दोनों को केवल मामूली चोटें आईं।

शौचालय गईं बेटी और पीछे से चल दी ट्रेन
घटना मंगलवार सुबह करीब 7:35 बजे की है। जानकारी के मुताबिक, 35 वर्षीय सुनीता अपनी 15 वर्षीय बेटी लावन्या के साथ हजरत निजामुद्दीन से सफर कर भोपाल पहुंची थीं। ट्रेन जब भोपाल स्टेशन पर रुकी, तो बेटी लावन्या शौचालय चली गईं। इसी दौरान शान-ए-भोपाल एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12156) अचानक रवाना होने लगी।

बेटी को शौचालय में देख और ट्रेन को खुलता पाकर मां घबरा गईं। आनन-फानन में बेटी जैसे-तैसे बाहर लौटी और दोनों ने चलती ट्रेन से ही उतरने की कोशिश की। इसी आपाधापी में दोनों का पैर फिसल गया और वे सीधे ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच बने खतरनाक गैप में जा गिरीं।

आरक्षक मदसूदन ने दिखाई बहादुरी
प्लेटफॉर्म पर बीट A3 और A5 में तैनात आरपीएफ आरक्षक मदसूदन की नजर जैसे ही दोनों पर पड़ी, उन्होंने पलक झपकते ही अपनी जान की परवाह किए बिना दौड़ लगाई और दोनों मां-बेटी को खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जवान की इस तत्परता ने चंद सेकंड में एक बड़ा जीवन संकट टाल दिया। घटना के बाद आरपीएफ ने दोनों से प्राथमिक उपचार कराने के बारे में पूछा, लेकिन मामूली चोट होने के कारण उन्होंने मना कर दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button