घर के कुएं में गिरने से महिला की मौत, परिजनों ने जताया संदेह; SDRF ने निकाला शव…. देखें पूरा वीडियो

सागर, यशभारत। मकरोनिया थाना क्षेत्र के मानस नगर में बीती शाम एक दुखद घटना सामने आई, जहां घर के अंदर बने कुएं में गिरने से 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान सविता विष्ट (45) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मकरोनिया पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
संकरा कुआं बना रेस्क्यू में बाधा, SDRF ने संभाला मोर्चा
कुएं की चौड़ाई बेहद कम होने के कारण पुलिस को शव बाहर निकालने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल SDRF (स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स) की टीम को मौके पर बुलाया गया। SDRF के जवानों ने कड़ी मशक्कत और सूझबूझ के बाद शव को सुरक्षित बाहर निकाला।
मामले में नया मोड़ तब आया जब मृतका के परिजनों ने घटना की परिस्थितियों पर संदेह व्यक्त किया। परिजनों की आशंका के बाद पुलिस सतर्क हो गई है। मकरोनिया पुलिस का कहना है कि मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों के बयानों व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले के हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है।







