राहुल गांधी को बस में बिठाया, विरोध में सड़क पर लेटीं प्रियंका को पुलिस हिरासत में लिया
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पहुंचे विपक्षी सांसद

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पहुंचे विपक्षी सांसद
नई दिल्ली, यश भारत। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, एसआईआर और कथित वोट चोरी के मुद्दे को लेकर विपक्षी इंडिया गठबंधन के सांसदों ने बुधवार को दिल्ली में प्रदर्शन किया। कांग्रेस के नेतृत्व में सांसद लंच बैठक के बाद जंतर-मंतर के लिए रवाना हुए। राहुल गांधी ने कहा कि सभी सांसद जंतर-मंतर पर धरना देंगे और देश के सामने अपनी बात रखेंगे।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मंगलवार को विपक्षी सांसद तीनों चुनाव आयुक्तों से मिलना चाहते थे, लेकिन उन्हें मिलने की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि पुलिस ने भी सांसदों को चुनाव आयोग तक पहुंचने से रोक दिया था। राहुल ने कहा कि विपक्ष आज तय विरोध स्थल जंतर-मंतर पर बैठकर अपनी बात रखेगा।
इससे पहले मंगलवार को राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी सांसदों ने आकाशवाणी भवन के पास धरना दिया था। करीब आठ घंटे चले प्रदर्शन के बाद पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया था, जिन्हें रात में रिहा कर दिया गया।
बुधवार को जंतर-मंतर पहुंचने के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेना शुरू कर दिया। कई कार्यकर्ताओं को बसों में बैठाया गया। इसी दौरान प्रियंका गांधी ने अस्वस्थ महसूस किया और सड़क पर बैठ गईं। बाद में पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में ले लिया। चुनाव आयोग के आसपास सुरक्षा बढ़ाते हुए कई रास्तों पर पुलिस बल तैनात किया गया।







