विवाह, विवाद और खूनी अंत: पूर्व पत्नी और साले ने रची साजिश, दिनदहाड़े लोहे की रॉड से हमला कर युवक की हत्या

सागर, यशभारत l जिले के मकरोनिया थाना क्षेत्र में ‘होटल पैराडाइज’ के सामने सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। पारिवारिक विवाद और ब्लैकमेलिंग से तंग आकर एक महिला ने अपने भाई और दोस्तों के साथ मिलकर अपने पूर्व पति की दिनदहाड़े लोहे की रॉड (सरिया) से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। यह पूरी खूनी वारदात पास में लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई।
शादी से तलाक और ब्लैकमेलिंग की रंजिश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मानस नगर निवासी 28 वर्षीय अंकित पटेल (पिता: रामलाल पटेल) ने वर्ष 2020 में अंकिता द्विवेदी से विवाह किया था। हालांकि, शादी के बाद से ही दोनों के बीच अनबन रहने लगी, जिसके चलते हाल ही में दोनों का कानूनी रूप से तलाक हो गया था। अंकिता का आरोप है कि तलाक के बाद भी अंकित उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। वह उसके निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल कर रहा था।
इसी प्रताड़ना से तंग आकर अंकिता और उसके भाई जय द्विवेदी ने अंकित को रास्ते से हटाने की साजिश रची। पुलिस को गिरफ्तार आरोपी राजुल सेन के मोबाइल चैट से अहम सुराग मिले हैं। व्हाट्सएप चैट के खुलासे से पता चला कि कोर्ट केस निपटने के तुरंत बाद अंकित की हत्या करने की योजना पहले से तैयार कर ली गई थी। घटना के दिन आरोपियों के बीच व्हाट्सएप पर अंकित की ‘लाइव लोकेशन’ शेयर की गई, जिसके आधार पर मुख्य आरोपी जय द्विवेदी लोहे का सरिया लेकर मौके पर पहुँचा और अंकित की घेराबंदी कर उसके सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
तीन आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी
वारदात के बाद हरकत में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य साजिशकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है:
जय द्विवेदी (मुख्य आरोपी/साला): गढ़ाकोटा से गिरफ्तार।
अंकिता द्विवेदी (पूर्व पत्नी/सह-आरोपी): घर से गिरफ्तार।
राजुल सेन (जय का दोस्त): बांदा स्थित रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार।
अनीश गौतम (सह-आरोपी): फिलहाल फरार, पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर ले लिया है। मकरोनिया थाना पुलिस का कहना है कि जब्त मोबाइल के डिजिटल साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और फोरेंसिक सबूतों को मजबूत आधार बनाते हुए मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।







