अंतरराज्यीय चोर गिरोह का सरगना भोपाल से गिरफ्तार
10 लाख के सोने-चांदी के जेवर बरामद

जबलपुर, यश भारत। तिलवारा पुलिस ने नकबजनी के एक मामले का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह के कथित सरगना प्रेमनाथ उर्फ पप्पू मल्लाह को भोपाल से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए करीब 10 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। चोरी का माल खरीदने के आरोप में अधारताल निवासी सुनार जय प्रकाश सोनी को भी गिरफ्तार किया गया है।पुलिस के अनुसार 20 मार्च को अरनव विहार निवासी राहुल मिश्रा परिवार के साथ सिंगरौली गए थे। अगले दिन घर में चोरी की सूचना मिलने पर तिलवारा थाने में मामला दर्ज कराया गया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर सूरज उर्फ दाऊ, विजय उर्फ नाटी और लखनलाल उर्फ साहिल को पकड़ा गया था।
पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में प्रेमनाथ मल्लाह के शामिल होने की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार प्रेमनाथ रैकी करने और चोरी का माल ठिकाने लगाने का काम करता था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ने 3 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर भोपाल के गांधीनगर से प्रेमनाथ को पकड़ा। उसकी निशानदेही पर सोने का हार और तीन मंगलसूत्र के पेंडल बरामद किए गए। वहीं जय प्रकाश सोनी के पास से चोरी के जेवर गलाकर बनाए गए 24 गुरिया, अंगूठी, सोना, चांदी का कड़ा और पायल बरामद हुई हैं।







