गड्ढे-ढलान के कारण अनियंत्रित हुई सूत्र सेवा बस : एक यात्री की मौत… 10 यात्री घायल; 5 की हालत गंभीर, देखें पूरा वीडियो

सिवनी यश भारत|सिवनी जिले के कोतवाली थाना अंतर्गत छिंदवाड़ा-सिवनी नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह करीब 4:45 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बम्होड़ी पेट्रोल पंप के पास भोपाल से बालाघाट जा रही यात्रियों से भरी सूत्र सेवा बस सड़क के गड्ढे और ढलान के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
हादसे में बस के नीचे दबने से एक यात्री की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 10 यात्री घायल हुए हैं। इनमें पांच यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। मृतक की अभी पहचान नहीं हो सकी है। सूत्र सेवा बस क्रमांक एमपी 04 पीए 3660 सिवनी पहुंचने से पहले ही दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया गया कि बस में कुल 32 यात्री सवार थे। अचानक बस का संतुलन बिगड़ने के बाद वह पलट गई और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 के साथ कोतवाली, लखनवाड़ा और बंडोल थाना पुलिस का बल मौके पर पहुंचा। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और एंबुलेंस सहित अन्य वाहनों से जिला चिकित्सालय पहुंचाया।
बालाघाट के सबसे ज्यादा यात्री
जानकारी के अनुसार बस में 21 यात्री बालाघाट, 5 वारासिवनी और 4 यात्री सिवनी के बताए गए हैं। घायलों में विवेक पटेल (28), महेश गडेल (41), राहुल नागेश्वर (30), शैलेंद्र मरावी (30), बृजेश बिसेन (35), पियूस धुर्वे (30), प्रीति (27), आंचल मदलेकर (27) और संयोगिता श्रीवास्तव (48) सहित अन्य यात्री शामिल हैं। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
गड्ढे और ढलान से बिगड़ा बस का संतुलन
प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह हाईवे पर मौजूद गड्ढा और ढलान बताई जा रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही होगी। कोतवाली टीआई सतीश तिवारी ने बताया कि बस के पलटने से एक यात्री की मौत हुई है। मृतक की पहचान कराई जा रही है और घायलों का उपचार जारी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।







