गोहलपुर पुलिस ने खोला चोरी का राज, 5 गिरफ्तार, 25 लाख का माल बरामद
इलेक्ट्रॉनिक सामान और चोरी के वाहन जब्त

जबलपुर, यश भारत। गोहलपुर थाना पुलिस ने नकबजनी और वाहन चोरी की अलग-अलग वारदातों का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, इलेक्ट्रॉनिक सामान और महिंद्रा पिकअप सहित टाटा इंट्रा वाहन बरामद किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, अमन नगर में सूने मकानों के ताले तोड़कर घरेलू सामान, जेवर और नकदी चोरी की गई थी। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। नूरुद्दीन अंसारी उर्फ अज्जू, मोहम्मद इरशाद और भीम उर्फ आदिल खान को गिरफ्तार कर चोरी के जेवर और इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया गया।

एक अन्य मामले में त्रिमूर्तिनगर क्षेत्र से चोरी हुई टाटा इंट्रा पिकअप को पुलिस ने रीवा जिले में टोल टैक्स के आगे एक ढाबे के पास से बरामद किया। इस मामले में राजू उर्फ रामगोपाल साहू और सौरभ दहिया को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा एक महिंद्रा पिकअप भी बरामद की गई।पुलिस के मुताबिक, आरोपी नूरुद्दीन के खिलाफ पहले से 11 और मोहम्मद इरशाद के खिलाफ पांच अपराध दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में गोहलपुर थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।






