आयुष्मान के बाद भी मांगी अतिरिक्त रकम? मरीज की मौत पर ओमेगा हॉस्पिटल में बवाल, देखे वीडियो …..

जबलपुर, यशभारत। दूसरा पुल के पास स्थित ओमेगा हॉस्पिटल में सोमवार सुबह 40 वर्षीय उमेश झरिया की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। गौर-सालीवाड़ा निवासी उमेश को अल्सर की बीमारी के चलते 30 सितंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि सर्जरी के बाद उनकी हालत लगातार बिगड़ती रही, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने समय रहते उचित इलाज नहीं किया। आखिरकार सोमवार सुबह मरीज ने दम तोड़ दिया।
सर्जरी के बाद बिगड़ती गई हालत, उठे इलाज पर सवाल
परिजनों के अनुसार अस्पताल में भर्ती करने के बाद डॉक्टरों ने सर्जरी की सलाह दी। सर्जरी होने के बाद उमेश की हालत सुधरने के बजाय लगातार खराब होती चली गई। परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान लापरवाही बरती गई और गंभीर स्थिति के बावजूद मरीज को उचित उपचार नहीं मिल सका। इसी बीच उसकी मौत हो गई।
आयुष्मान कार्ड के बाद भी अतिरिक्त रकम मांगने का आरोप
मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आयुष्मान योजना के तहत उपचार की प्रक्रिया होने के बावजूद उनसे अतिरिक्त राशि की मांग की गई। परिजनों का कहना है कि इलाज जारी रखने के लिए वे पैसों की व्यवस्था करने में जुटे थे, लेकिन इसी दौरान उमेश की मौत हो गई। इससे आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।
मौत के बाद भड़का आक्रोश, पहुंची पुलिस-स्वास्थ्य विभाग की टीम
उमेश की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते अस्पताल परिसर में भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। अधिकारियों ने परिजनों को मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया।







