कटनी

जरवाही जंगल के पास गांजा की तस्करी, तस्कर को दबोचा निवार पुलिस ने, 2 किलो 173 ग्राम गांजा बरामद

कटनी, यशभारत। निवार पुलिस ने मुखबिरों की सूचना पर ग्राम जरवाही जंगल के पास एक युवक को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से 2 किलो 173 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया है। जब्त किए गए गांजा की कीमत करीब 40 हजार रूपए आंकी गई है। बताया जाता है कि आरोपी युवक मोटर साइकिल से गांजा की डिलिवरी देने के लिए आया था लेकिन इसके पहले ही पुलिस ने उसे अपनी गिरफ्त में ले लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके विरूद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। निवार पुलिस चौकी प्रभारी अंजनी मिश्रा ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री रोकने के लिए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में मुखबिरों को सक्रिय किया गया था। विगत दिवस पुलिस को मुखबिर से गांजा की तस्करी की सूचना प्राप्त हुई। जिस पर ग्राम जरवाही जंगल के पास पहुंचकर घेराबंदी की गई। घेराबंदी के दौरान शाहिद प्रजापति पिता बाबूराम प्रजापति निवासी बंधी रोड मतवारा रोड मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 21 एमएल 8212 से आते दिखा। पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, जिस पर पुलिस टीम ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। आरोपी की तलाशी लेने पर उसके कब्जे में रखे थैले से हरे रंग का पत्तेदार पदार्थ बरामद हुआ, जो गांजा होना पाया गया। बरामद गांजे की तौल करने पर 2 किलो 173 ग्राम अनुमानित कीमत 40 हजार रूपए होना पाया गया। पुलिस ने गांजा एवं परिवहन में प्रयुक्त मोटर साइकिल को विधिवत जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर जिला जेल में दाखिल कराया गया। कार्रवाई में चौकी प्रभारी अंजनी मिश्रा, एएसआई राजेश कोरी, कमलेश्वर शुक्ला, प्रधान आरक्षक गौरव सेन, संतोष प्रजापति, अरविंद कुशवाहा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button