भीषण सड़क हादसा: कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, 2 की मौत, 3 गंभीर घायल, क्षेत्र में हड़कंप

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ जिले के सानौधा थाना क्षेत्र अंतर्गत दमोह-गढ़ाकोटा मार्ग पर आबचंद गुफा के पास पुराई की तलाई पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार और मोटरसाइकिल के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के समय कार सवार लोग बरपानी से गढ़ाकोटा की ओर जा रहे थे, जबकि बाइक सवार दमोह की ओर से आ रहे थे। इसी दौरान पुराई की तलाई के समीप दोनों वाहनों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार उछलकर काफी दूर जा गिरे, वहीं अनियंत्रित कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई और पलट गई। इस हादसे में पेड़ भी टूट गया।
प्राथमिक जांच में पुलिस ने मृतकों की पहचान कर ली है। मृतकों में कार सवार रोहित पटेल (पिता: सरनाम पटेल, निवासी: आजाद वार्ड, गढ़ाकोटा) और बाइक सवार शीतल पाठक (निवासी: दमोह) शामिल हैं। हादसे में महेंद्र समेत कुल तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही सानौधा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी उपमा सिंह ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया है तथा दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। दुर्घटना के बाद मार्ग पर क्षतिग्रस्त वाहनों को जेसीबी की मदद से हटवाकर यातायात बहाल कराया गया। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच कर रही है।







