कागजों में विकास, जमीन पर अधूरा ढांचा: 14 लाख की लागत , पंचायत भवन 5 साल बाद भी बेनूर

यशभारत डिंडोरी/करंजिया। जनपद पंचायत करंजिया अंतर्गत ग्राम पंचायत भुसंडा में पंचायत भवन निर्माण कार्य को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। वर्ष 2021 में स्वीकृत पंचायत भवन का निर्माण करीब पांच साल बीतने के बाद भी पूरा नहीं हो सका है। लगभग 14 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित इस भवन का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है, जिससे शासन की राशि के उपयोग और निर्माण की प्रगति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीणों के अनुसार पंचायत भवन का निर्माण लंबे समय से अधूरा है। भवन का काम समय पर पूरा नहीं होने के कारण पंचायत से संबंधित गतिविधियों के संचालन में भी परेशानी होने की बात सामने आ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत के जिम्मेदार सरपंच और सचिव द्वारा निर्माण कार्य को लेकर अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।
तीन लाख रुपये आहरण को लेकर भी सवाल
पंचायत भवन निर्माण से जुड़ी राशि में से करीब तीन लाख रुपये के आहरण की जानकारी सामने आने की बात कही जा रही है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि यदि निर्माण कार्य अब तक अधूरा है तो आहरित राशि का उपयोग किस मद में और किस स्तर पर किया गया। हालांकि राशि के वास्तविक आहरण, भुगतान और कार्य की भौतिक प्रगति की पुष्टि संबंधित पंचायत के अभिलेखों और आधिकारिक रिकॉर्ड से किया जाना आवश्यक है।
जांच से सामने आ सकती है स्थिति
पांच वर्ष से अधिक समय बीतने के बावजूद निर्माण कार्य पूरा नहीं होने के मामले में ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से जांच की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत भवन की स्वीकृति से लेकर अब तक जारी राशि, किए गए भुगतान, निर्माण की वर्तमान स्थिति और उपयोगिता प्रमाण-पत्र की जांच की जाए।
अब देखना होगा कि जनपद पंचायत करंजिया के जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में स्थल निरीक्षण कर निर्माण की वास्तविक स्थिति और राशि के उपयोग की जांच करते हैं या नहीं। यदि अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई का रास्ता भी खुल सकता है।







