फ्लाईदुबई उड़ान में हमले के बाद पीएम मोदी ने कैप्टन स्मित से की बात,कहा-आखिरी समय में हनुमान चालीसा पढ़ रहा था…
नई दिल्ली, यश भारत।

नई दिल्ली, यश भारत। फ्लाईदुबई की दुबई-तेल अवीव उड़ान में को-पायलट के हमले में घायल भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉल पर बातचीत की। पीएम मोदी ने कठिन परिस्थितियों में उनके साहस, सूझबूझ और संयम की सराहना करते हुए कहा कि पूरा देश उनके लिए प्रार्थना कर रहा है। बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित भावुक हो गए। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को अपना आदर्श बताते हुए कहा कि उनका फोन कर हौसला बढ़ाना उनके लिए गर्व की बात है। स्मित ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें प्रधानमंत्री से सीधे बातचीत का अवसर मिलेगा।
घटना का अनुभव साझा करते हुए स्मित ने बताया कि हमले के दौरान उन्हें गंभीर चोट लगी और वह गिर गए थे। उन्हें महसूस हुआ कि यदि वह नहीं उठे तो उनकी जान जा सकती है। करीब 17 साल से उड़ान भरने और 11 साल से कैप्टन होने के अनुभव के चलते उन्हें विमान की स्थिति का अंदाजा था। उन्होंने खुद को संभालकर कॉकपिट का दरवाजा खोलने की कोशिश की। दरवाजा खुलने के बाद अन्य लोग भी कॉकपिट में पहुंच गए।कैप्टन स्मित ने घटना में अपनी भूमिका के साथ विमान में मौजूद अन्य लोगों के प्रयासों को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि संकट के समय सभी ने अपनी-अपनी भूमिका निभाई और उन्हें पता था कि उस वक्त क्या करना है।







