इंदौर में बीटेक कर रही कटनी की छात्रा अर्चिता की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, भाई घायल, इंदौर नगर निगम के टेंकर ने मारी ठोकर, खबर मिलते ही स्तब्ध हुए परिजन

कटनी/इंदौर, यशभारत। इंदौर में हुए एक हादसे ने कटनी की एक होनहार बेटी छीन ली। इंदौर के छोटा बांगड़दा इलाके में नगर निगम के पानी के टैंकर ने दोपहिया वाहन सवार कटनी की बीटेक छात्रा और उसके भाई को टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा की मौके पर ही दुखद मौत हो गई, जबकि उसका भाई मामूली रूप से घायल हुआ है। हादसे में जान गंवाने वाली अर्चिता कटनी निवासी वीरू जार की बेटी है। एक्सीडेंट के बाद चालक टैंकर को तेज रफ्तार में लेकर भागने लगा। कुछ राहगीरों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद चालक को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। टैंकर चालक शुभम उर्फ सोहन चौकसे, निवासी गांधी नगर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक, हादसा छोटा बांगड़दा इलाके में वेदांत स्कूल के पास बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे हुआ। कटनी निवासी अर्चिता जार अपने भाई प्रणय के साथ दोपहिया वाहन से जा रही थी। इसी दौरान नगर निगम के तेज रफ्तार टैंकर ने उनके वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से अर्चिता सड़क पर गिर गई और टैंकर की चपेट में आ गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, अर्चिता सिम्बायोसिस यूनिवर्सिटी से बीटेक की पढ़ाई कर रही थी। घटना की सूचना उसके परिजन को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।








