मंडलामध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

बरगी बांध के बैकवाटर से बढ़ा जलस्तर : मछुआरों के घरों तक पहुंचा पानी, विस्थापन का मंडराया खतरा

उफान पर बरगी जलाशय, तटीय गांवों में घुसा पानी, ग्रामीणों ने की बांध के अतिरिक्त गेट खोलने की मांग

मंडला l जिले और इसके जलग्रहण क्षेत्रों में पिछले दो-तीन दिनों से हो रही अनवरत बारिश अब तटीय और डूब क्षेत्र में रहने वाले लोगों के लिए मुसीबत बनने लगी है। लगातार मूसलाधार बारिश के कारण बरगी जलाशय का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिसके बैकवाटर का सीधा असर मंडला जिले के नारायणगंज विकासखंड में देखने को मिल रहा है।

 

 पानी के उफान के चलते तटीय गांवों में बाढ़ जैसे हालात पैदा होने की आशंका बढ़ गई है। जानकारी अनुसार नारायणगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत पिंडरई के अंतर्गत आने वाले ग्राम सहजपुरी में हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं। जलाशय का जलस्तर बढऩे से गांव के किनारे बसे तीन मछुआरा परिवारों के घरों तक पानी पहुंच गया है। लहरें अब घरों के भीतर प्रवेश करने की कगार पर हैं, जिससे इन गरीब परिवारों के सामने अपने आशियाने उजडऩे और विस्थापन का संकट खड़ा हो गया है।

बरगी के गेट खोलने की मांग 

बताया गया कि ग्राम सहजपुरी निवासी जमना प्रसाद बर्मन ने स्थिति की गंभीरता बताते हुए कहा कि जिन मकानों में पानी घुसने का खतरा बना हुआ है, वे जलाशय के 422.76 फीट के जलस्तर से भी ऊपर बने हुए हैं। इसके बावजूद पानी का वहां तक पहुंचना खतरे की बड़ी घंटी है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान में बरगी डैम प्रबंधन द्वारा केवल पांच गेट खोले गए हैं, जो बढ़ते जलस्तर की निकासी के लिए पर्याप्त नहीं हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि गांव को डूबने से बचाने के लिए बरगी जलाशय के कुछ और गेट तुरंत खोले जाने चाहिए। 

 

सहजपुरी में बने इस जलभराव के हालात के बाद बरगी जलाशय के किनारे बसे अन्य गांवों के लोगों में भी दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो कई और गांव इसकी चपेट में आ सकते हैं। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि वह इस संभावित प्राकृतिक आपदा को गंभीरता से ले और तत्काल प्रभाव से स्थानीय प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखे जिससे किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button